झारखंड विधानसभा चुनाव रुझान में महागठबंधन को बढ़त सरकार बनाने के करीब
एनडीए के फुट का उठाया फायदा , आजसू भी फिसल रही
@नज़र डेस्क – राँची ( झारखंड ) :- झारखंड विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। अब तक मिले रुझान के अनुसार कांग्रेस गठबंधन को 40 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। जबकि भाजपा 29 सीटों पर आगे है। जेवीएम तीन, आजसू पांच और अन्य तीन सीटों पर आगे चल रही हैं। रुझानों के मुताबिक कांग्रेस गठबंधन बहुमत के करीब दिखाई दे रहा है।
सोमवार को मतगणना के मद्देनजर सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। आज यहां 1,215 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो जाएगा, लेकिन किसी भी दल को बहुमत न मिलने से पूरे देश की उत्सुकता झारखंड विस चुनाव के नतीजों को लेकर है। सबसे पहले तोरपा और चंदनकियारी का परिणाम आएगा, क्योंकि यहां 13-13 राउंड की ही गिनती होनी है। सबसे अधिक 28 राउंड की गिनती चतरा में होनी है। इस कारण इस सीट का परिणाम सबसे अंत में आएगा।
कांग्रेस, झामुमो और राजद 40 सीट पर आगे है, जबकि भाजपा 23 सीट पर आगे
बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम तीन सीटों पर आगे चल रही है। सुदेश महतो की पार्टी आजसू तीन सीट पर आगे चल रही है, जबकि झामुमो उम्मीदवार हेमंत सोरेन बरहेट सीट से पीछे हो गये थे, लेकिन अब वे एक बार फिर आगे हो गए हैं। कोडरमा सीट से भाजपा उम्मीदवार नीरा यादव आगे चल रहीं हैं। चक्रधरपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण गिलुवा आगे चल रहे हैं। मांडर विधानसभा सीट से जेवीएम उम्मीदवार बंधु तिर्की आगे चल रहे हैं।
सिसई सीट से विधानसभा स्पीकर और भाजपा उम्मीदवार दिनेश उरांव आगे चल रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन दुमका और बरहेट दोनों सीट से आगे चल रहे हैं। भवनाथपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भानुप्रताप शाही आगे चल रहे हैं। रांची विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार सीपी सिंह आगे चल रहे हैं, जबकि सीएम रघुवर दास जमशेदपुरी पूर्वी से आगे चल रहे हैं।